Live

BIHAR CRIME

पूर्णिया में IB की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में शाहिद अख्तर गिरफ्तार, मोबाइल और लैपटॉप जब्त; NIA-STF भी जांच में जुटी

D
Deepak Kumarलेखक

पाकिस्तान समेत देश के कई हिस्सों से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में होने का आरोप,व्हाट्सएप के जरिए संवेदनशील जानकारियां साझा करने का दावा;मधुबनी थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी से मचा हड़कंप
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है। मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने युवक के पास से मोबाइल और लैपटॉप भी जब्त किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार एसटीएफ की टीमें भी जांच में जुट गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान काली प्रसाद यादव टोला निवासी शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि IB की विशेष टीम को युवक की संदिग्ध गतिविधियों को लेकर इनपुट मिला था। इसके बाद स्थानीय मधुबनी थाना पुलिस के सहयोग से उसके घर पर छापेमारी की गई और उसे हिरासत में लिया गया।

पाकिस्तान समेत कई जगहों से जुड़े नेटवर्क का आरोप
पुलिस और खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसियों को आशंका है कि शाहिद अख्तर वर्ष 2025 से एक कथित कट्टरपंथी नेटवर्क के संपर्क में था। इस नेटवर्क में पाकिस्तान के अलावा हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में मौजूद कुछ संदिग्ध लोगों के जुड़े होने की बात सामने आई है।

आरोप है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विशेष रूप से व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आपस में संपर्क बनाए रखता था। जांच एजेंसियों को संदेह है कि आरोपी देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां देश-विदेश में मौजूद संदिग्ध संपर्कों के साथ साझा कर रहा था।

मोबाइल और लैपटॉप की जांच में जुटी एजेंसियां
छापेमारी के दौरान जब्त किए गए मोबाइल और लैपटॉप को जांच के लिए अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि डिजिटल गतिविधियों और संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल के जरिए पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से क्या-क्या जानकारी मिली है, इसकी आधिकारिक विस्तृत पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

NIAऔर बिहार STFने संभाली जांच की कमान
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार एसटीएफ की टीमें भी पूर्णिया पहुंचीं। केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। जांच का मुख्य फोकस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान, आरोपी के डिजिटल संपर्कों और देश-विदेश में मौजूद संदिग्ध कनेक्शन की पड़ताल पर है।

फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। हालांकि, गिरफ्तार युवक के खिलाफ लगाए गए आरोपों और कथित नेटवर्क की भूमिका को लेकर जांच पूरी होने तथा आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें