Live

बाढ़ को लेकर पूर्णिया प्रशासन एक्टिव

DM ने तैयारियों का लिया जायजा, नदियों और तटबंधों का किया औचक निरीक्षण

P
Prasoon Pandeyलेखक

PURNIA : बाढ़ को लेकर पूर्णिया प्रशासन पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। पूर्णिया के जिला पदाधिकारी कुन्दन कुमार ने पूरे प्रशासनिक अमला के साथ बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बायसी प्रखंड के नदियों और तटबंधों का औचक निरीक्षण किया।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान सबसे पहले राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिजवान टोला स्थित परमान नदी पर कटावरोधी कार्यों का निरीक्षण किया गया और साथ ही तटबंध की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा भूमि सुधार उप समाहर्ता बायसी सह प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा शाखा पूर्णिया को तटबंधों पर लगातार पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा पूछने पर आपदा प्रभारी पूर्णिया और अनुमंडल पदाधिकारी बायसी द्वारा बताया गया कि नदी में गाद जमा होने के कारण नदी का पानी बाहर के इलाकों में फैल जाता है। पिछले साल मनरेगा से सफाई कराई गई थी लेकिन पुनः गाद जमा होने और पूरी सफाई नहीं होने कारण नदी का पानी बाहरी इलाकों में फैल रहा है।

जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों को वर्तमान में कटाव रोकने हेतु सभी तैयारियों को पूर्ण कर तैयार रहने को कहा गया। इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा महानंदा नदी पर कालीमास्तान स्थित पुल के दोनों किनारों पर होने वाले कटाव का निरीक्षण किया गया ।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा पाया गया कि गाइड बांध के बीच में कटाव हुआ है । जिला पदाधिकारी द्वारा इसके बारे में पृच्छा करने पर कार्यपालक अभियंता, बाढ़ एवं जल निस्सरण पूर्णिया द्वारा बताया गया कि बांध में 2017 में कटाव हो गया था।

जिला पदाधिकारी द्वारा इसपर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यपालक अभियंता, बाढ़ एवं जल निस्सरण पूर्णिया को त्वरित रूप से गाइड बांध के कटाव का मरम्मत करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इस तरह की लापरवाही से आसपास के गांवों में हर समय बाढ़ की समस्या की संभावना बनी रहती है।

कटाव वाले जगह से पानी आसपास के गांवों तथा खेतों में पानी फैल जाएगा। इससे जान माल की क्षति की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। जिला पदाधिकारी द्वारा गाइड बांध को अविलंब मरम्मत कर इसकी सूचना देने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, बाढ़ एवं जल निस्सरण पूर्णिया को दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में कनीय अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग बायसी द्वारा बताया गया कि वैसा पीडब्ल्यूडी से मढ़ैया टोला सड़क में कनकई नदी के कारण लगभग दो सौ मीटर कटाव हो रहा है । जिला पदाधिकारी द्वारा त्वरित कार्रवाई करने तथा वर्तमान स्थिति के बारे में पूछने पर कनीय अभियंता, आरडब्ल्यूडी बायसी द्वारा बताया गया कि पानी कम हो रहा है।

वर्तमान में कटाव की संभावना नहीं है। कटाव रोधी कार्य हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। जैसे ही नदी का जलस्तर थोड़ा और कम होता है तो बांस की पिलिंग कराकर ब्रिक बेड लगाकर कटाव से बचाया जाएगा । अगर जरूरत पड़ी तो बोरा में ब्रिकडस्ट भरकर भी फिलिंग में उपयोग किया जाएगा। जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, बाढ़ एवं जल निस्सरण पूर्णिया को तभी विभागो को कटावरोधी कार्य में तकनीकी सहायता देने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कटाव की सूचना प्राप्त होने पर तुरंत वरीय पदाधिकारी को सूचित करें और कटाव रोधी कार्य करें। जिला पदाधिकारी द्वारा बाढ़ से बचाव की तैयारियों को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नही करने का निर्देश दिया गया ।

कार्यपालक अभियंता, बाढ़ एवं जल निस्सरण पूर्णिया द्वारा बताया गया कि वर्तमान में पूरे जिले में 25 हजार बोरा तथा पर्याप्त मात्रा में फिलिंग सामग्री विकेंद्रीकृत रूप से भंडारित कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रतिदिन कटाव रोधी कार्यों तथा प्राप्त सूचना से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश सभी उपस्थित पदाधिकारियों को दिया गया।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता पूर्णिया, अनुमंडल पदाधिकारी बायसी, भूमि सुधार उप समाहर्ता बायसी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ एवं जल निस्सरण पूर्णिया और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें