पुरानी परंपरा दोहराने से ग्रामीणों को उम्मीद
वैशाली के गांवों में फिर लौटी 'जागते रहो' की गूंज, चौकीदारों ने शुरु की रात्रि गश्ती
हाजीपुर : वैशाली जिले के गांवों में एक बार फिर रात के सन्नाटे में चौकीदार की सीटी और 'जागते रहो' की आवाज गूंजने लगी है. जिले के प्रथम ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय की अनूठी पहल पर पूरे जिले में चौकीदारी व्यवस्था को फिर से सक्रिय कर दिया गया है. इस अभियान के तहत अब हर गांव में चौकीदार रात में ड्यूटी कर रहे हैं और सीटी बजाकर गश्त लगा रहे हैं.
ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने बताया कि इस कदम से गांवों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक वारदातों पर प्रभावी रोक लगेगी. रात में पुलिस की मौजूदगी के साथ-साथ चौकीदारों की गश्त से अपराधियों में खौफ पैदा होगा और ग्रामीण खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे.
गौरतलब है कि80के दशक तक गांव-गांव में रात के समय चौकीदार की लाठी की ठक-ठक और'जागते रहो'की आवाज सुनाई देती थी. समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे खत्म हो गई थी.
अब साल2026में वैशाली पुलिस ने उसी पुरानी परंपरा को नए रूप में जीवित किया है. चौकीदार पूरी मुस्तैदी के साथ वर्दी में लाठी और सीटी लेकर गांव की गलियों में गश्त कर रहे हैं. ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है.
वैशाली से पंकज चौहान की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।