Hindi News / पार्टी द्वारा शक्तिपीठ मां मंगला गौरी से आजाद पार्क तक निकाला गया विजय...

प्रशांत किशोर की जीत पर गया में जश्न : पार्टी द्वारा शक्तिपीठ मां मंगला गौरी से आजाद पार्क तक निकाला गया विजय जुलूस

Edited By:  |
prashant kishor ki jeet per gaya mai jashna

गया जी: पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत की खुशी में गया में जन सुराज पार्टी की जिला इकाई की ओर से भव्य विजय जुलूस निकाला गया. जुलूस की शुरुआत शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर से हुई,जो आजाद पार्क तक पहुंची. पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने डीजे,गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया.

जुलूस का नेतृत्व जन सुराज गया जिलाध्यक्ष रवि रंजन ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा राहगीरों,टोटो चालकों,रिक्शा चालकों और दुकानदारों के बीच भी मिठाइयां बांटी.

जिलाध्यक्ष रवि रंजन ने बताया कि मतदान से तीन-चार दिन पहले उन्होंने मां मंगला गौरी मंदिर में पूजा-अर्चना और हवन कर पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत की कामना की थी. उन्होंने संकल्प लिया था कि जीत मिलने पर मां मंगला गौरी मंदिर से विशाल विजय जुलूस निकाला जाएगा. उसी संकल्प को पूरा करते हुए आज यह जुलूस आयोजित किया गया.

वहीं जन सुराज के जिला प्रवक्ता अमित कार्तिके ने कहा कि इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से पार्टी को नई ताकत मिली है और अब सड़क पर उठने वाली जनता की समस्याओं को विधानसभा के पटल तक पहुंचाने का काम किया जाएगा. पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है.

गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-