Live

BIHAR NEWS

पीएम नरेंद्र मोदी ने रजौली के फुलवरिया डैम के तैरते सौर बिजलीघर का किया उद्घाटन, वैशाली के जाफरपट्टी से रिमोट दबाकर किया लोकार्पण

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

रजौली (नवादा) : नवादा जिले के रजौली प्रखंड की हरदिया पंचायत स्थित फुलवरिया डैम में बिहार के सबसे बड़े तैरते सौर बिजलीघर का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री ने वैशाली जिले के जाफरपट्टी में आयोजित कार्यक्रम से रिमोट का बटन दबाकर इस परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया. करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना नवादा जिले को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी.

फुलवरिया जलाशय में करीब 30 एकड़ पानी की सतह पर सौर पैनल लगाए गए हैं. इस संयंत्र की क्षमता 10 मेगावाट प्रत्यावर्ती धारा और 13.74 मेगावाट अधिकतम दिष्ट धारा है. इससे प्रतिवर्ष करीब 1 करोड़ 60 लाख यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है. उत्पादित बिजली 33/11 केवी रजौली विद्युत उपकेंद्र के माध्यम से आपूर्ति व्यवस्था से जोड़ी जाएगी. इससे रजौली सहित आसपास के करीब 90 गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है.

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत 'ऊपर बिजली, नीचे मछली' का मॉडल है. यानी जलाशय की सतह पर सौर पैनलों से बिजली बनेगी, जबकि पानी में मछली पालन भी जारी रहेगा. इससे जल संसाधन का दोहरा उपयोग होगा और मछुआरों की आजीविका भी प्रभावित नहीं होगी.

इस सौर बिजलीघर का निर्माण ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित सूर्यम इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने किया है. बिहार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड इसकी कार्यान्वयन एजेंसी है.

गौरतलब है कि उद्घाटन से एक दिन पहले शुक्रवार को नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने फुलवरिया डैम पहुंचकर परियोजना का निरीक्षण किया था. उन्होंने बिजली उत्पादन से जुड़ी तकनीकी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत ग्रिड से जोड़ने के कार्यों का जायजा लिया था. जिलाधिकारी ने बताया था कि करीब 30 एकड़ में 10 मेगावाट बिजली उत्पादन की व्यवस्था की गई है.

प्रधानमंत्री के उद्घाटन के बाद अब क्षेत्र के लोगों को इस परियोजना से नियमित बिजली उत्पादन शुरू होने और स्थानीय बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

दिनेश कुमार की रिपोर्ट --

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें