Live

BIHAR NEWS

PM नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को बिहार आएंगे, गंगा नदी पर 6 लेन पुल समेत कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर 2026 को बिहार दौरे पर आएंगे. इस दौरान वे राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर संबंधित विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी है. इस यात्रा के दौरान सड़क,परिवहन,उद्योग और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विशेष ध्यान रहेगा.

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार,प्रधानमंत्री गंगा नदी पर निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन कर सकते हैं. यह पुल राज्य में सड़क संपर्क को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसके शुरू होने से पटना और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है.

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान विभिन्न जिलों में प्रस्तावित बाईपास परियोजनाओं का शिलान्यास और पूरी हो चुकी सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन भी संभावित है. इन योजनाओं से शहरों में जाम की समस्या कम करने और यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

इसके अलावा,कार्यक्रम में नई इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन और वाहन चार्जिंग स्टेशनों की शुरुआत भी शामिल हो सकती है. इससे सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने और पर्यावरण के अनुकूल यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी.

औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सकरी चीनी मिल से जुड़ी परियोजना का शिलान्यास भी प्रस्तावित बताया गया है. इससे चीनी उद्योग को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले 7 मई 2026 को बिहार आए थे. अब 20 नवंबर के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही है. हालांकि,कार्यक्रम और परियोजनाओं की अंतिम सूची की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही विस्तृत जानकारी स्पष्ट होगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें