Live

BIHAR POLITICS

पीएम मोदी के वैशाली दौरे से पहले NDA की महापंचायत, दो लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य; नित्यानंद राय बोले- ऐतिहासिक होगा कार्यक्रम

D
Deepak Kumarलेखक

हाजीपुर/वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर बिहार में सियासी और प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एनडीए ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में हाजीपुर में एनडीए नेताओं की महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें गठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को बड़ा लक्ष्य देते हुए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दो लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का टास्क दिया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देने की अपील की।

नित्यानंद राय बोले- ऐतिहासिक होगा प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि यह भले ही क्षेत्रीय और सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन पूरे बिहार की जनता प्रधानमंत्री का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम की तैयारी सिर्फ एनडीए के नेता और कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि जनता भी कर रही है।

कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर निमंत्रण देने का निर्देश
महापंचायत में मंच से एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। नेताओं ने कहा कि बिना निमंत्रण के कोई भी व्यक्ति किसी कार्यक्रम में नहीं पहुंचता, इसलिए सभी कार्यकर्ता लोगों के घरों तक पहुंचकर उन्हें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने का न्योता दें।

सभी घटक दलों के नेता रहे मौजूद
इस महापंचायत में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार के कई मंत्री, भाजपा के बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी, जिले के विधायक तथा एनडीए के सभी घटक दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान औद्योगिक गलियारे से जुड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। बिहार की राजनीति में प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर एनडीए ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अब सबकी नजर 21 नवंबर को होने वाले इस बड़े कार्यक्रम पर टिकी है।

वैशाली से रिशभ कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें