Live

BIHAR NEWS

पीएम मोदी के सामने सम्राट ने रखा बिहार का रिपोर्ट कार्ड, युवाओं को रोजगार, उद्योग, किसान और विकास का रोडमैप बताया

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

वैशाली : बिहार के वैशाली में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार सरकार के एक साल के कामकाज और आगामी विकास योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड पेश किया. मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास, युवाओं के रोजगार, किसानों के हित और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं सामने रखीं.

सम्राट चौधरी ने विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली 202 सीटों की जीत को जनता का विश्वास बताया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देने के लिए आभार जताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार के विकास को नई गति दे रही है.

युवाओं के रोजगार पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जंदाहा में 1200 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है. यहां औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि उद्योगों के विस्तार से बिहार के युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे.

मुख्यमंत्री ने सड़क, रेलवे और आधारभूत संरचना के विकास के साथ किसानों और जल संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की. उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने गाद प्रबंधन नीति का उल्लेख करते हुए इसे बिहार के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया.

नीतीश सेतु के नामकरण पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि पूरा पुल ही नीतीश कुमार के नाम पर है. उन्होंने सहयोग कार्यक्रम के तहत 10.5 लाख आवेदन मिलने और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जानकारी भी दी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं को जमीन पर उतारना और बिहार में रोजगार, उद्योग तथा विकास को गति देना है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें