पितृपक्ष से पहले स्वच्छ गयाजी का संदेश : मेयर-डीएम ने खुद थामी झाड़ू, निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
गयाजी : पितृपक्ष महासंगम 2026 को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से गया नगर निगम की ओर से स्वच्छता एवं जागरूकता रैली निकाली गई. विष्णुपद मंदिर परिसर से निकली रैली को मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, जिलाधिकारी शशांक शुभांकर, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
रैली में जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों, पंडा समाज के प्रतिनिधियों और नगर निगम के पदाधिकारी-कर्मियों ने भाग लिया. मेयर, डीएम और अन्य जनप्रतिनिधियों ने खुद सड़क पर झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया.
इस दौरान लोगों से अपील की गई कि पितृपक्ष के दौरान सड़क या खुले स्थान पर कचरा न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें. नगर निगम ने पूरे पितृपक्ष मेला क्षेत्र को नो प्लास्टिक जोन घोषित किया है,साथ ही मेला क्षेत्र में नशे के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि आम नागरिकों,दुकानदारों और श्रद्धालुओं की भी सामूहिक जिम्मेदारी है. वहीं मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ गयाजी का अभियान सफल होगा.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--