BIHAR MLC ELECTION RESULT
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की शानदार जीत, चौथी बार बने एमएलसी, दिलीप कुमार दूसरे और अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे
पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के उम्मीदवार नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है. चुनाव परिणाम के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी दिलीप कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा. कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान चौथे स्थान पर रहे. नीरज कुमार की जीत के साथ उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. हालांकि, रिपोर्ट प्रकाशित होने के समय आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा था.
कोटा सिस्टम से मिली जीत
पटना स्नातक सीट के चुनाव परिणाम में कोटा सिस्टम की अहम भूमिका रही. विधान परिषद के इस चुनाव में जीत का फैसला केवल सबसे अधिक प्रथम वरीयता के वोट पाने से नहीं होता, बल्कि निर्धारित मत-कोटा हासिल करना भी जरूरी होता है. इस चुनाव में मतदाता बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों को पहली, दूसरी और आगे की वरीयता देते हैं.
निर्धारित कोटा पूरा नहीं होने की स्थिति में सबसे कम मत पाने वाले उम्मीदवार को बाहर किया जा सकता है और नियमों के अनुसार उसके मत अगली वरीयता वाले उम्मीदवारों को हस्तांतरित किए जाते हैं. इस प्रक्रिया के बाद निर्धारित कोटा हासिल करने वाले प्रत्याशी को विजेता घोषित किया जाता है.
नीरज कुमार ने विरोधियों पर साधा निशाना
जीत के बाद नीरज कुमार ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि जनबल और कार्यकर्ता बल के सामने धनबल और बाहुबल की हार हुई है. उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा और कहा कि राजनीति में चरित्र पर सवाल उठाने वालों को जनता ने जवाब दे दिया है.
अनंत सिंह ने दी प्रतिक्रिया
वहीं, मोकामा विधायक अनंत सिंह ने परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता ने जिसे वोट दिया, वही जीता और जिसे वोट नहीं मिला, वह हार गया. उन्होंने यह भी कहा कि जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार जीत गए और जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह हार गए. उन्होंने पार्टी से किसी तरह की नाराजगी होने से इनकार किया.
चौथी बार विधान परिषद पहुंचे नीरज
नीरज कुमार का विधान परिषद तक पहुंचने का राजनीतिक सफर लंबा रहा है. वर्ष2002 में उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद2008 में वह पहली बार विधान परिषद के सदस्य बने. वर्ष2014 और2020 में भी उन्होंने जीत दर्ज की. अब2026 के चुनाव में जीत के साथ उन्होंने चौथी बार विधान परिषद पहुंचने का रास्ता साफ किया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।