BIHAR NEWS
पटना स्नातक चुनाव परिणाम के बाद अनंत सिंह के बदले तेवर, बोले- जदयू पार्टी की मालिक, नीतीश कुमार के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद मोकामा के निष्कासित जदयू विधायक अनंत सिंह के तेवर बदले-बदले नजर आ रहे हैं. तीन दिन पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले अनंत सिंह ने बुधवार को पार्टी को लेकर नरम रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि पार्टी मालिक है और उन्होंने कभी जदयू का विरोध नहीं किया है.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह की हार के बाद अनंत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका विरोध जदयू से नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार से है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नीरज कुमार यदि उनके खिलाफ बोलना बंद कर दें तो वह भी उनके बारे में कुछ नहीं बोलेंगे. अनंत सिंह के मुताबिक, विरोध की शुरुआत नीरज कुमार की ओर से हुई थी.
नीरज कुमार से नाराजगी बरकरार
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक तल्खी की एक बड़ी वजह दुलारचंद यादव हत्याकांड से जुड़ा मामला भी माना जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज कुमार इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे, जिसके बाद अनंत सिंह की नाराजगी बढ़ गई.
हालांकि, चुनाव परिणाम पर अनंत सिंह ने सहजता से अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जनता ने जिसे वोट दिया, उसकी जीत हुई. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह नीरज कुमार को जीत की बधाई देंगे, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया. इससे स्पष्ट है कि जदयू को लेकर नरमी के बावजूद नीरज कुमार के प्रति उनकी नाराजगी बरकरार है.
नीतीश कुमार के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
अनंत सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई. वहीं, विधानसभा की सदस्यता जाने की संभावना को लेकर उन्होंने बेफिक्र अंदाज दिखाया.
इस बीच, सरकार ने उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य पद से हटा दिया है. उन्हें सरकारी आवास खाली करने के लिए25नवंबर तक का समय दिया गया है.
राजनीतिक संकेत: चुनाव परिणाम के बाद अनंत सिंह के बदले बयान और जदयू के प्रति नरम रुख ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है. हालांकि, नीरज कुमार के साथ उनका विवाद फिलहाल खत्म होता नहीं दिख रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।