BIHAR NEWS
पटना से पूर्णिया तक 13 विश्वविद्यालयों में सीनेट-सिंडिकेट के नए सदस्य मनोनीत, राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
पटना: बिहार के सभी13विश्वविद्यालयों के सीनेट और सिंडिकेट में राज्यपाल सह कुलाधिपति सैयद अता हसनैन ने अपने सदस्यों का मनोनयन किया है. राज्यपाल सचिवालय की ओर से बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई. मनोनीत सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा. इसके साथ ही आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय समेत14विश्वविद्यालयों की विभिन्न कमेटियों में भी सदस्यों का मनोनयन किया गया है.
अधिसूचना के मुताबिक पटना विश्वविद्यालय में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विषय के प्रो. अशोक सिंह और मगध विश्वविद्यालय के इतिहास के प्रो. मनीष सिन्हा को सीनेट का सदस्य बनाया गया है. वहीं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की प्रो. छाया सिन्हा को सिंडिकेट की सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है.
बीएन मंडल विश्वविद्यालय में प्रो. मंजु कुमारी,प्रो. अनंत प्रसाद गुप्ता और प्रो. बिजेंद्र कुमार को सीनेट सदस्य,जबकि प्रो. रंजना सिंह को सिंडिकेट सदस्य बनाया गया है. एलएनएमयू में प्रो. ललन कुमार झा,प्रो. दिलीप कुमार झा और प्रो. उमाशंकर चौधरी सीनेट तथा प्रो. संगीता सिन्हा सिंडिकेट की सदस्य होंगी.
तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में प्रो. सुधांशु शेखर झा,प्रो. उपेंद्र प्रकाश दास और प्रो. विनोद कुमार सीनेट सदस्य तथा प्रो. गुलरेज रौशन रहमान सिंडिकेट सदस्य बनाए गए हैं.
मगध विश्वविद्यालय,कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय,वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय,जयप्रकाश विश्वविद्यालय और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में भी शिक्षकों को सीनेट-सिंडिकेट की जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा मौलाना मजहरूल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय,पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय,पूर्णिया विश्वविद्यालय और मुंगेर विश्वविद्यालय में भी नए सदस्यों का मनोनयन हुआ है. अधिसूचना जारी होने के बाद अब संबंधित विश्वविद्यालयों की समितियों में नई टीम निर्धारित जिम्मेदारियां संभालेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।