दर्दनाक सड़क हादसा
पटना रोड पर टैंक लॉरी ने टेंपो में मारी जोरदार टक्कर, महिला होमगार्ड समेत 2 की मौत, दो जेसीबी और दो क्रेन से चला रेस्क्यू
फुलवारी शरीफ (पटना) : बड़ी खबर पटना से है जहां जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में महिला होमगार्ड जवान समेत 2 लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.
बताया जा रहा है कि सिमरा गांव के पास तेज रफ्तार टैंक लॉरी ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद अनियंत्रित लॉरी सड़क किनारे नहर में जा गिरी. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. नहर में गिरी टैंक लॉरी को निकालने के लिए दो जेसीबी और दो क्रेन की मदद लेनी पड़ी. घंटों की मशक्कत के बाद लॉरी को बाहर निकाला गया.
बेटी से मिलकर लौट रहे थे विजय सिंह
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब6:30बजे हुआ. बिक्रम थाना क्षेत्र के हदसार गांव निवासी खदेरन सिंह के पुत्र विजय सिंह अपनी बेटी से मिलने महिला होमगार्ड जवान के साथ फुलवारी शरीफ से बिक्रम गए थे. मंगलवार सुबह विजय सिंह टेंपो से महिला जवान को वापस फुलवारी शरीफ पहुंचाने जा रहे थे. इसी दौरान सिमरा गांव के पास पटना रोड पर टैंक लॉरी ने टेंपो को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने की मौत की पुष्टि
जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार ने हादसे में महिला होमगार्ड जवान समेत दो लोगों की मौत की पुष्टि की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया. नहर में गिरी लॉरी को निकालने के लिए दो जेसीबी और दो क्रेन मंगाई गईं. काफी मशक्कत के बाद लॉरी को बाहर निकाला गया. दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिए गए.
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. हदसार गांव सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. नवरात्र के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।