बड़ी सफलता
पटना पुलिस ने हथियार के जखीरा के साथ 4 अपराधियों को किया गिरफ्तार, भारतीय थल सेना का परिचय पत्र बरामद
पटना : बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां जमीन विवाद को लेकर दबंगई और रंगदारी का मामले में पुलिस ने पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के बाबा चौक से 4 युवकों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक राजीव नगर, दीघा और पाटलिपुत्र इलाके में सक्रिय भू-माफियाओं के लिए काम करते थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम सिंह, विवेक कुमार, अर्पित सिंह और अनिल कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है. इनमें अनिल की बाबा चौक पर दुकान भी है. पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से रिवॉल्वर, लोडेड पिस्टल मैगजीन, एयर गन, 31 जिंदा कारतूस, 70 खाली खोखे, पिस्टल का कवर, चार मोबाइल और भारतीय थल सेना का पहचान पत्र एव फर्जी i card भी बरामद किया है.
मामले की शुरुआत राजीव नगर रोड नंबर 18 स्थित चार कट्ठे के एक प्लॉट के विवाद से हुई थी. आरोप है कि दीवार तोड़ने को लेकर हुए विवाद में शिवम और विवेक ने पिस्टल लहराकर पंकज शर्मा के घर पर दहशत फैलाई थी. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वहीं, आरती कुमारी ने आरोप लगाया था कि दोनों युवकों ने उनके घर पहुंचकर पिस्टल का भय दिखाते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी.
पूछताछ में कई भू-माफियाओं के नाम सामने आए हैं. इसके साथ ही एक पत्रकार का नाम भी पुलिस जांच में आया है. आरोप है कि वह 33 प्रतिशत कमीशन लेकर पुलिस और प्रशासन को मैनेज करने का काम करता था. इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. वहीं, अर्पित पर प्रेस और सेना के फर्जी पहचान पत्र के इस्तेमाल का भी आरोप है.
सेंट्रल एसपी चंद्र प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।