Live

BIHAR NEWS

पटना NMCH में रैगिंग का मामला गरमाया, 2025 बैच के छात्र तीन महीने निलंबित, वायरल ‘रूलबुक-2026’ पर NMC ने मांगा जवाब

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना सिटी: नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH),पटना में एमबीबीएस के जूनियर छात्रों के साथ कथित रैगिंग का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. वर्ष 2026 में नामांकित विद्यार्थियों के साथ रैगिंग किए जाने के आरोप में वर्ष 2025 बैच के छात्रों को तीन महीने के लिए कक्षा से निलंबित कर दिया गया है. आरोपों के घेरे में आए विद्यार्थियों को 24 घंटे के भीतर छात्रावास खाली करने का आदेश भी दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद कॉलेज परिसर में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है.

मामले को लेकर कथित‘रूलबुक-2026’की पीडीएफ चर्चा में है. इसमें सीनियर छात्र-छात्राओं को‘बॉस-मैम’कहकर संबोधित करने,उनके सामने विशेष मुद्रा में खड़े रहने और उनकी आंखों में सीधे नहीं देखने जैसे निर्देश शामिल होने का दावा किया गया है. इसके अलावा सीनियर और शिक्षकों से बहस नहीं करने तथा अपना परिचय देने का निर्धारित प्रारूप भी कथित दस्तावेज में शामिल है.

यह मामला राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC),ऑल इंडिया एंटी रैगिंग कमेटी और बिहार ग्रीवांस सेल तक पहुंच गया है. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने कॉलेज प्रशासन से वायरल पीडीएफ की जांच कराने और इसके निर्माण तथा प्रसार के स्रोत का पता लगाने को कहा है. आयोग ने रैगिंग रोकने के लिए उठाए गए कदमों,एंटी रैगिंग स्क्वाड,शिकायत निवारण व्यवस्था और अब तक मिली शिकायतों पर की गई कार्रवाई का भी ब्योरा मांगा है.

कॉलेज प्रशासन सभी पक्षों को सुनेगा

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. डॉ. उषा कुमारी के अनुसार,गुरुवार को छात्रावास में रहने वाली वर्ष 2023,2024 और 2025 बैच की छात्राओं को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है. शुक्रवार को आरोपित 2025 बैच के छात्रों की बात सुनी जाएगी.

प्राचार्या ने स्पष्ट किया कि सभी पक्षों को सुनने और शिकायतों की सत्यता की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही,किसी निर्दोष विद्यार्थी के साथ अन्याय नहीं होने देने और शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने पर भी जोर दिया गया है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें