BIHAR NEWS
पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में 84 एजेंडों पर लगी मुहर, हर साल 24 करोड़ से अधिक की होगी बचत
Patna : पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शनिवार को कुल 84 एजेंडों पर मुहर लगी. बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, छठ घाटों की तैयारी, जलापूर्ति और विकास योजनाओं को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए.
बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और साफ-सफाई के लिए एजेंसी चयन की रूपरेखा पर चर्चा हुई. साथ ही चार वर्षों तक एजेंसी के माध्यम से काम कराने की स्वीकृति प्रदान की गई. इस व्यवस्था से पटना नगर निगम को हर साल 24 करोड़ रुपये से अधिक की बचत होने का अनुमान है. इससे शहर में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
दीवाली और छठ पर्व को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. इसके तहत प्रत्येक वार्ड में अतिरिक्त 10 मैनपावर रखने की स्वीकृति दी गई है. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त भारी और बड़े वाहनों की भी व्यवस्था की जाएगी.
वहीं, पंच शिव मंदिर स्थित तालाब का जीर्णोद्धार कराया जाएगा. इसके अलावा विभिन्न वार्डों में नाली, गली और जलापूर्ति से जुड़ी योजनाओं को भी मंजूरी दी गई.
छठ पर्व को लेकर व्रतियों की सुविधा और घाटों पर विशेष व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. नगर निगम के सभी अंचलों के अंतर्गत आने वाले 103 घाटों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही निगम क्षेत्र के आर्टिफिशियल तालाबों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया.
इसके अलावा पटना साहिब स्थित तख्त श्रीहरिमंदिर जी में आयोजित होने वाले प्रकाश पर्व की तैयारियों पर भी चर्चा हुई. प्रकाश पर्व के दौरान गली-मोहल्लों में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर नगर निगम की ओर से किए जाने वाले इंतजामों पर विचार किया गया.
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ आगामी त्योहारों और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया.
पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।