BREAKING NEWS
पटना में एक दिन में 36.23 लाख का चालान, बिना हेलमेट पकड़े गए 2163 लोग
पटना में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई,एक दिन में3030चालान से36.23लाख का जुर्माना,बिना हेलमेट पकड़े गए2163लोग
पटना: राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाई है। 19 अक्टूबर 2026 को एक ही दिन में 3030 मामलों में कार्रवाई की गई। इन मामलों में कुल 36 लाख 23 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने यह कार्रवाई कैमरों से प्राप्त वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर की।
बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे अधिक कार्रवाई
पटना ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई हुई। इस श्रेणी में 2163 मामले दर्ज किए गए। इन पर 21 लाख 63 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, ट्रिपल राइडिंग के 179 मामलों में 1 लाख 79 हजार रुपये का चालान किया गया।
रेड लाइट तोड़ने और ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई
यातायात नियमों के उल्लंघन में तेज गति से वाहन चलाने के 49 मामले सामने आए। इन पर 98 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। गलत दिशा में वाहन चलाने के 14 मामलों में 15 हजार रुपये की शमन राशि निर्धारित की गई। इसके अलावा, रेड लाइट जंप करने के 132 मामलों में 1 लाख 87 हजार रुपये का चालान किया गया।
बिना इंश्योरेंस के484मामले
पुलिस की कार्रवाई में बिना वैध इंश्योरेंस वाहन चलाने के 484 मामले भी सामने आए। इन पर 9 लाख 68 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन पर बात करने के एक मामले में पांच हजार रुपये और सीट बेल्ट नहीं लगाने के आठ मामलों में आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नियमों का पालन करने की अपील
पटना ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सुरक्षित सफर के लिए जरूरी है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।