Live

BIHAR NEWS

पटना में युवक की पीट-पीटकर हत्या, छोटकी मसौढ़ी रेलवे हॉल्ट के प्लेटफॉर्म पर मिला शव, पहचान में जुटी पुलिस, FSL टीम सक्रिय

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी इलाके में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. बुधवार सुबह छोटकी मसौढ़ी रेलवे हॉल्ट के प्लेटफॉर्म पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


देवी मंदिर के पास हुई वारदात


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,छोटकी मसौढ़ी हॉल्ट के पास देवी मंदिर के समीप युवक की पिटाई की गई. आशंका है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को घसीटकर रेलवे प्लेटफॉर्म पर फेंक दिया गया. हालांकि,घटना की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.


मौके से मोबाइल, बाइक और आधार कार्ड बरामद


घटनास्थल से पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन और एक बाइक मिली है. इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर दो आधार कार्ड भी पाए गए हैं. फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस बरामद सामान के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है.


पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी


घटना की सूचना मिलने पर मसौढ़ी थाना की पुलिस,जीआरपी और नदौल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.


हत्या को हादसा दिखाने की आशंका


स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंककर घटना को रेल हादसा दिखाने की कोशिश की गई होगी. हालांकि,पुलिस ने इस आशंका की पुष्टि नहीं की है.


मसौढ़ी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल के अनुसार,युवक की हत्या हुई है और उसकी पहचान करने के साथ मामले की जांच की जा रही है.


पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें