Live

BIG NEWS

पटना में पार्षद पति पर फायरिंग, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का एंगल सामने आया, कुख्यात अपराधी का नाम भी जांच में आया

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: राजधानीपटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम में वार्ड नंबर-24की पार्षद ज्ञानवंती देवी के पति अनिल यादव पर हुए जानलेवा हमले की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. शुरुआती जांच में घटना के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का एंगल सामने आया है. पुलिस ने हमलावरों की पहचान का दावा करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है.

घटना के सिलसिले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. पूछताछ के दौरान दुजरा के एक कुख्यात अपराधी का नाम सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस के अनुसार,उक्त अपराधी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल जमानत पर हैं.

पुलिस ने घायल अनिल यादव का फर्दबयान भी लिया है,हालांकि हस्ताक्षर नहीं होने के कारण इसे अभी अंतिम बयान नहीं माना गया है. जांच एजेंसियां फर्दबयान और पूछताछ से मिली जानकारी को जोड़कर हमले की वजह और साजिश का पता लगाने में जुटी है.

पुलिस को आशंका है कि हमले के लिए कांट्रेक्ट किलरों की मदद ली गई हो सकती है. घटनास्थल से सात खोखे बरामद हुए हैं. पुलिस के मुताबिक सात गोलियां चलाई गईं,जिनमें पांच अनिल यादव को लगी. सभी खोखे7.65एमएम पिस्टल के बताए गए हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है. एसटीएफ और पटना पुलिस की आसूचना इकाई भी जांच में लगी है. घटनास्थल के आसपास का मोबाइल डंप डेटा खंगाला जा रहा है. अनिल यादव का कंकड़बाग स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें