Live

BIHAR NEWS

पटना में नौवीं की छात्रा से मारपीट, फोन पर बात से इनकार करने पर सहपाठी पर दबाव और धमकी देने का आरोप

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: राजधानी पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ मारपीट और फोन पर बात करने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने गौरीचक थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, छात्रा स्कूल से लौटने के बाद शाम में कोचिंग पढ़ने जाती थी. इसी दौरान कोचिंग में पढ़ने वाला एक सहपाठी छात्र कथित तौर पर उसे लगातार परेशान करता था और मोबाइल फोन पर बात करने का दबाव बनाता था.

आरोप है कि मंगलवार को छात्रा ने फोन पर बात करने से इनकार किया तो आरोपी छात्र ने अपने एक अन्य सहपाठी के साथ मिलकर फतेहपुर के पास उसे रोक लिया. दोनों पर छात्रा के साथ मारपीट करने और फोन पर बात करने के लिए दबाव बनाने का आरोप है.

घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर गौरीचक थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी. परिजनों का आरोप है कि आवेदन देने के करीब सात घंटे बाद तक मामले में गंभीर कार्रवाई नहीं की गई. थाना अध्यक्ष की ओर से भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई.

मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने इसे गंभीरता से लिया और गौरीचक थाना प्रभारी को कार्रवाई का निर्देश दिया. पुलिस के अनुसार, छात्रा और मारपीट का आरोपी दोनों नाबालिग हैं. आरोपी छात्र ने मारपीट की बात स्वीकार की है, जबकि दूसरा छात्र घटना के समय मौजूद था. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें