Live

पटना में नेशनल रेड रन 4.0 का भव्य आयोजन

32 राज्यों के युवाओं ने लिया हिस्सा, HIV जागरूकता के लिए 1250 प्रतिभागियों ने दौड़ और वॉकथॉन में दिखाया उत्साह

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार की मेजबानी में मंगलवार को पटना के गांधी मैदान में नेशनल रेड रन 4.0 का भव्य आयोजन किया गया. राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के मार्गदर्शन और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. आयोजन का उद्देश्य HIV संक्रमण के प्रति जागरूकता फैलाना और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का संदेश देना था.


कार्यक्रम के तहत 10 किलोमीटर की दौड़ में करीब 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में लगभग 1000 लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई.


युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण - कुमार रवि


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान, बेहतर उपचार सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता से HIV नियंत्रण के क्षेत्र में प्रगति हुई है. उन्होंने मां से बच्चे में संक्रमण की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास करने पर भी जोर दिया.


बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमित कुमार ने प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान को गति देने की अपील की. वहीं NACO की डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. तान्जिन डिकिड ने युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया.


यूनिसेफ की फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने गर्भवती महिलाओं की समय पर HIV जांच और उचित उपचार पर जोर दिया.


विजेताओं को किया गया सम्मानित


बॉयज कैटेगरी में पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो प्रथम, उत्तर प्रदेश के अभिषेक कुमार द्वितीय और विद्यासागर तृतीय रहे. गर्ल्स कैटेगरी में महाराष्ट्र की स्नेहल खरात प्रथम, मध्य प्रदेश की अंजलि पाटीदार द्वितीय और उत्तर प्रदेश की सोनी देवी तृतीय स्थान पर रहीं.


कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय धावक पीयूष राज, पैरा एथलीट शैलेश कुमार और अभिनेता अशोक पाठक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें