Live

BIHAR NEWS

पटना में नकली बिसलेरी पानी का बड़ा खुलासा, चार प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, हजारों बोतलें जब्त कर नष्ट

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : राजधानी पटना में नकली और मानकहीन पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के कारोबार के खिलाफ खाद्य संरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने चार प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर विभिन्न ब्रांडों के पानी की बड़ी खेप जब्त कर नष्ट कर दी. गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. यह कार्रवाई 2 नवंबर 2026 को की गई.

खाद्य संरक्षा विभाग के अनुसार, मनोहरपुर-कचुआरा स्थित एस. हाइड्रेला में बिसलेरी के नाम से डुप्लीकेट पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पाया गया. यहां से 1 लीटर और 500 मिलीलीटर की कुल 2,400 लीटर सामग्री जब्त कर नष्ट की गई. जांच में लेबल पर दूसरे प्रतिष्ठान का पता और किसी अन्य फर्म का लाइसेंस नंबर दर्ज मिला. साफ-सफाई और कर्मचारियों से जुड़े नियमों का भी उल्लंघन पाया गया. इसके बाद प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया.

वहीं, बरी पहाड़ी स्थित मां एंटरप्राइजेज से बिसलेरी की कुल 15,168 बोतलें जब्त कर नष्ट की गईं. विभाग ने यहां से पानी के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए.

बेउर थाना क्षेत्र स्थित आदित्य एंटरप्राइजेज में विभिन्न ब्रांडों के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पर कार्रवाई की गई. यहां से बिसलेरी सहित अन्य ब्रांडों की सामग्री जब्त कर नष्ट की गई. प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है.

इसी तरह संपतचक के सोनागोपालपुर स्थित कृष्णा एंटरप्राइजेज से बिसलेरी, संजीवनी और न्यूट्री ड्रॉप ब्रांड की कुल 1,05,200 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर नष्ट की गई.

खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें