Live

BIHAR NEWS

पटना में गंगा उफान पर, गांधी घाट पर खतरे के निशान से 1.09 मीटर ऊपर पानी, कंगन घाट-किला रोड पर आवाजाही बंद

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: राजधानी पटना में गंगा का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है. गांधी घाट पर शुक्रवार रात आठ बजे गंगा का जलस्तर 49.69 मीटर दर्ज किया गया,जो खतरे के निशान से 1.09 मीटर ऊपर है. हालांकि 24 घंटे में जलस्तर में केवल दो सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है,लेकिन घाटों और निचले इलाकों में पानी का फैलाव लगातार बढ़ रहा है.

कलेक्ट्रेट घाट की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी अब सड़क पर फैल गया है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर लोगों को आवाजाही से रोक दिया है. दीघा घाट पर जलस्तर 50.77 मीटर पर स्थिर है,लेकिन पानी बिंद टोली के घरों के बिल्कुल करीब पहुंच गया है.

कंगन घाट से किला रोड की ओर पानी फैलने के कारण लगातार तीसरे दिन आवागमन प्रभावित है. वहीं भद्र घाट और महावीर घाट पर भी बैरिकेडिंग के कारण पहले से आवाजाही बंद है.

प्रशासन ने घाटों पर स्नान और अन्य गतिविधियों के लिए पहुंच रहे लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है. मनेर में गंगा का जलस्तर 52.58 मीटर दर्ज किया गया,जो खतरे के निशान से 58 सेंटीमीटर ऊपर है. हाथीदह में जलस्तर 42.68 मीटर रहा,जो खतरे के निशान से 92 सेंटीमीटर अधिक है.

पुनपुन नदी श्रीपालपुर में खतरे के निशान से 99 सेंटीमीटर नीचे है,जबकि दरधा नदी के कोल्हाचक में जलस्तर खतरे के निशान से 2.25 मीटर ऊपर दर्ज किया गया है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें