BIG BREAKING
पटना में ई-कॉमर्स गेम के नाम पर 12.70 लाख की साइबर ठगी, मलेशिया में रहने वाली महिला पर युवक को फंसाने का आरोप
पटना : राजधानी पटना के रूपसपुर इलाके में ऑनलाइन ई-कॉमर्स गेम और टास्क पूरा कर मुनाफा कमाने का लालच देकर एक युवक से 12.70 लाख रुपये की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
गेम के लिंक से शुरू हुआ ठगी का खेल
पीड़ित युवक के अनुसार,मीरा अग्रवाल नाम की एक महिला ने उससे संपर्क किया. महिला ने बताया कि वह पहले दिल्ली में रहती थी और फिलहाल मलेशिया में रह रही है. बातचीत के दौरान उसने युवक को आवरशॉपी नामक ई-कॉमर्स गेम का लिंक भेजा. युवक ने लिंक पर क्लिक किया और दो दिनों तक गेम खेला. शुरुआत में उसे विभिन्न टास्क पूरे कर मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया गया. इसके बाद अधिक कमाई का लालच देकर गेम में ज्यादा पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया गया.
पैसे निकालने के लिए मांगे 7.98 लाख रुपये
युवक ने एप पर रकम जमा कर टास्क पूरे किए. जब उसने अपनी जमा राशि और कथित मुनाफे को निकालने की कोशिश की,तो निकासी नहीं हो सकी. इसके बाद एप की कस्टमर सर्विस की ओर से पैसे निकालने के लिए 7.98 लाख रुपये जमा करने को कहा गया. रकम वापस मिलने की उम्मीद में युवक ने यह राशि भी जमा कर दी,लेकिन इसके बावजूद पैसे नहीं मिले.
दोबारा पैसे मांगने पर खुला ठगी का मामला
पीड़ित के मुताबिक,उसने संबंधित बैंक खाते में कुल 12.70 लाख रुपये जमा किए थे. इसके बाद भी निकासी नहीं होने और दोबारा रकम मांगे जाने पर उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना ऑनलाइन निवेश और टास्क के जरिए कमाई का लालच देने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को रेखांकित करती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।