Live

पटना में दिखेगा कबड्डी का रोमांच

1 से 4 नवंबर तक होगा 52वीं जूनियर राष्ट्रीय बालक कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन, सीएम सम्राट करेंगे उद्घाटन

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार राज्य कबड्डी संघ तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त मेजबानी में खेल विभाग,बिहार सरकार के सहयोग से राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में 1 से 4 नवंबर तक आयोजित होने वाली 52वीं जूनियर राष्ट्रीय बालक कबड्डी चैंपियनशिप की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 1 नवंबर को दोपहर तीन बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे. इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की 29 टीमें हिस्सा लेंगी. मुकाबले दो कोर्ट पर आयोजित किए जाएंगे.

प्रतियोगिता को लेकर शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण, बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन सह आयोजन सचिव कुमार विजय सिंह और अध्यक्ष अपूर्वा सुकांत ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी.

उद्घाटन समारोह में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिहार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी. बिहार राज्य कबड्डी संघ के मुख्य संरक्षक अंजनी कुमार सिंह समारोह की अध्यक्षता करेंगे. खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी ठाकुर और बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी.

प्रतियोगिता के दौरान अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ के महासचिव तेजस्वी गहलौत, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विभोर विनीत जैन, कोषाध्यक्ष रामाकांत सिंह, प्रो कबड्डी लीग के सीईओ अनुपम कुमार सहित विभिन्न राज्य कबड्डी संघों के पदाधिकारियों के भी पहुंचने की संभावना है.

प्रो कबड्डी लीग की फ्रेंचाइजी के स्काउट करेंगे खिलाड़ियों की प्रतिभा का आकलन

इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर होगा. टूर्नामेंट के दौरान प्रो कबड्डी लीग की विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों के स्काउट, प्रशिक्षक और टीम प्रबंधन से जुड़े सदस्य भी पटना पहुंचेंगे. वे मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे और अपनी-अपनी टीमों के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करेंगे.

इसके साथ ही प्रतियोगिता के दौरान जूनियर भारतीय कबड्डी टीम के संभावित खिलाड़ियों का भी चयन किया जाएगा. इसके लिए अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से तीन सदस्यीय समिति पटना भेजी जा रही है. इस समिति में भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व प्रशिक्षक ई भास्करन,अर्जुन अवार्डी मनजीत चिल्लर और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिशांत देवारिकर होंगे. इस तरह प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के पास राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर होगा.

रिया कुमारी, बलवान सिंह और अर्जुन देशवाल भी होंगे शामिल

प्रतियोगिता में कबड्डी जगत की कई जानी-पहचानी हस्तियों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी. कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली भारतीय महिला टीम की सदस्य रिया कुमारी भी यहां पहुंचेंगी.

द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित बलवान सिंह, जो 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक रहे हैं, भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे. भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के सदस्य अर्जुन देशवाल और बिहार के प्रो कबड्डी खिलाड़ी संदीप कुमार की मौजूदगी भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएगी.

तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी अनुभवी अधिकारियों को

प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन के लिए अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया ने जगदीश्वर यादव को तकनीकी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी राणा रंजीत सिंह को कंपीटिशन मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए 50 तकनीकी अधिकारियों की तैनाती की गई है.

खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था

देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था पाटलिपुत्र खेल परिसर के छात्रावास और होटलों में की गई है. तकनीकी अधिकारियों, फेडरेशन तथा राज्य कबड्डी संघों के पदाधिकारियों के लिए होटलों में आवास की व्यवस्था की गई है. खिलाड़ियों के भोजन का प्रबंध खेल परिसर में ही किया गया है. इस प्रतियोगिता में 464 खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों, 50 तकनीकी पदाधिकारियों समेत लगभग 615 प्रतिभागी इसमें शिरकत करेंगे.

राजगीर में लगा बिहार टीम का प्रशिक्षण शिविर

मेजबान बिहार टीम की तैयारी के लिए राजगीर में एक महीने का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस शिविर में खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, खेल कौशल, तकनीक और आपसी तालमेल को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया.

बिहार टीम की घोषणा

प्रतियोगिता में मेजबान बिहार की ओर से खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:

रवि कुमार (बेगूसराय) — कप्तान

दीपक कुमार (बक्सर)

अंशु कुमार (पटना)

शुभम कुमार (सारण)

आदित्य कुमार सिंह (सारण)

आदर्श कुमार (बेगूसराय)

पीयूष राज (रोहतास)

केशव कुमार (समस्तीपुर)

रितेश कुमार (पटना)

अभिनव कुमार सिंह (अररिया)

संदीप यादव (बक्सर)

रवि रंजन कुमार (बक्सर)

रितिक कुमार (पटना)

अमन राज (भोजपुर)

कोच: रमेश कुमार यादव (बिहार राज्य खेल प्राधिकरण)

सहायक कोच: आनंद कुमार सिंह (भोजपुर)

पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें