Live

BIHAR NEWS

पटना में 31 अक्टूबर से शुरु होगा CARDICON 2026, देशभर के 500 हृदय रोग विशेषज्ञ होंगे शामिल

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (CSI), बिहार चैप्टर का 32वां वार्षिक सम्मेलन CARDICON 2026 आगामी 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को पटना के होटल मौर्या में आयोजित होगा. इस सम्मेलन में देशभर के करीब 500 हृदय रोग विशेषज्ञ, कार्डियक सर्जन और सामान्य चिकित्सक शामिल होंगे. इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘प्रिवेंशन टू इंटरवेंशन’ (रोकथाम से उपचार तक) रखी गई है.


सम्मेलन से पहले 30 अक्टूबर को एक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी. वहीं, 31 अक्टूबर को शाम 4 बजे सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन होगा, जिसमें बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत मुख्य अतिथि होंगे.


सम्मेलन के दौरान हृदय रोगों की देखभाल में हो रही नवीनतम प्रगति, जांच की आधुनिक तकनीकों और उपचार की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी. इसका उद्देश्य वैज्ञानिक शोध और नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों को व्यावहारिक चिकित्सा से जोड़ना है. सम्मेलन को बिहार के चिकित्सकों के लिए भी महत्वपूर्ण बताया गया है. इसके तहत बिहार काउंसिल ऑफ मेडिकल रजिस्ट्रेशन, पटना की ओर से आठ सीएमई क्रेडिट आवर्स की मान्यता दी गई है.


नवजात शिशुओं के हृदय रोगों पर विशेष सत्र


आयोजन अध्यक्ष डॉ. बी.बी. भारती के अनुसार, वैज्ञानिक कार्यक्रमों में नवजात शिशुओं के हृदय रोगों के उपचार पर केंद्रित विशेष सत्र भी आयोजित होगा. इसमें ‘डॉ. ए. के. ठाकुर मेमोरियल ओरिएशन’ के तहत शिशुओं में जन्मजात हृदय रोगों के उपचार से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी.


लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से होंगे सम्मानित


सम्मेलन में हृदय रोग विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. इनमें डॉ. यू. सी. सामल और डॉ. एस. एस. चटर्जी शामिल हैं. आयोजकों के अनुसार, चिकित्सा के क्षेत्र में उनके समर्पण, अनुभव और बिहार में चिकित्सा सेवाओं के विकास में योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया जाएगा.


राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ करेंगे शिरकत


वैज्ञानिक समिति के अध्यक्ष और प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि सम्मेलन का वैज्ञानिक कार्यक्रम आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और नवीनतम शोध को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. देश के प्रमुख विशेषज्ञ जटिल हृदय रोगों से जुड़े मामलों पर अपने अनुभव साझा करेंगे. आयोजकों को उम्मीद है कि इस सम्मेलन से बिहार में हृदय रोगों के उपचार और चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी.


पटना से अंकिता की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें