BIHAR NEWS
पटना में 24 सितंबर को चिराग पासवान का Gen-Z से सीधा संवाद, शिक्षा, रोजगार, कौशल और तकनीक पर युवाओं से होगी चर्चा
पटना:लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से24सितंबर को पटना के वेटनरी ग्राउंड में‘Youth BOLE TO’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बिहार के युवाओं, खासकरGen-Z, से सीधे संवाद करेंगे.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि‘Youth BOLE TO’ का उद्देश्य युवाओं को अपनी बात खुलकर रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना है. कार्यक्रम में युवा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता और तकनीक से जुड़े मुद्दों पर अपने सवाल और सुझाव रख सकेंगे.
इसके अलावा डिजिटल युग की चुनौतियों और भविष्य से जुड़े विषयों पर भी चिराग पासवान के साथ सीधा संवाद होगा. पार्टी का कहना है कि युवाओं की बदलती आकांक्षाओं और चुनौतियों को समझने के लिए यह पहल की जा रही है.
प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि युवा केवल भविष्य की शक्ति नहीं, बल्कि वर्तमान में भी देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उनकी सोच और सुझावों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है.
कार्यक्रम के आयोजन और समन्वय की जिम्मेदारी पार्टी के युवा प्रकोष्ठ को सौंपी गई है. युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम संयोजक की भूमिका निभाएंगे. पार्टी पदाधिकारियों, युवा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है.
पार्टी के मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा ने इसे युवाओं की बात सुनने और उनकी आकांक्षाओं को समझने की पहल बताया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।