BIG NEWS
पटना के ‘द मोमोज कैफे’में मिला 10 किलो सड़ा हुआ चिकन, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लाइसेंस किया निलंबित
पटना : राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने कार्रवाई तेज कर दी है. मंगलवार, 17 नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कांटी फैक्ट्री रोड स्थित ‘द मोमोज कैफे’में औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कैफे के किचन में भारी गंदगी और साफ-सफाई की खराब व्यवस्था पाई गई. जांच के दौरान प्रतिष्ठान में रखा करीब 10 किलो सड़ा हुआ चिकन बरामद हुआ, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया.
विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कैफे की रसोई में साफ-सफाई की स्थिति खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी. खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई. इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बरामद सड़े हुए चिकन को नष्ट कराया.
कार्रवाई के क्रम में खाद्य संरक्षा अधिकारी ने कैफे का लाइसेंस निलंबित कर दिया. साथ ही प्रतिष्ठान का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की गई है.
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से राजधानी के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया जाता रहा है.
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई की इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है. खासकर होटल, रेस्टोरेंट और कैफे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा रसोई की स्वच्छता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।