BIHAR NEWS
पटना के गांधी मैदान में 90 फीट के रावण का होगा दहन, 71 साल पुरानी परंपरा रहेगी कायम
पटना : राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर 90 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा. श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. लगातार 71 वर्षों से चली आ रही रावण दहन की परंपरा इस बार भी भव्य रूप में देखने को मिलेगी. आयोजन को लेकर ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल निपानी और अरुण कुमार समेत कमेटी के सदस्यों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी.
देश का दूसरा सबसे ऊंचा रावण बनाने की तैयारी
आयोजकों के मुताबिक, इस बार90फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा. पुतले के निर्माण की जिम्मेदारी आगरा की टीम को दी गई है. बारिश से पुतले को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए निर्माण में स्टील पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा है. आयोजन समिति का प्रयास है कि इस बार भी रावण दहन कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाया जाए.
आधे घंटे तक होगी इको-फ्रेंडली आतिशबाजी
रावण दहन के बाद दर्शकों के लिए करीब आधे घंटे तक इको-फ्रेंडली आतिशबाजी की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा गांधी मैदान में मां पटन देवी के विग्रह की झलक भी देखने को मिलेगी. आयोजकों के अनुसार, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े इस आयोजन में हर साल बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं.
हिंदू-मुस्लिम एकजुटता की दिखेगी मिसाल
इस बार के आयोजन की खास बात सामाजिक सद्भाव भी है. दशहरा कार्यक्रम की तैयारियों में हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोग मिलकर सहयोग कर रहे हैं. आयोजन समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है.
गांधी मैदान के 12 गेटों पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट
दशहरा के दिन उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. गांधी मैदान के सभी12गेटों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे. महिलाओं के लिए अलग दीर्घा बनाई जाएगी. इसके साथ ही बिजली, अग्निशमन और एम्बुलेंस जैसी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
बच्चों की जेब में नाम-पता और मोबाइल नंबर की पर्ची रखने की अपील
श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट के चेयरमैन कमल निपानी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को लेकर गांधी मैदान आएं तो उनकी जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची जरूर रखें. इससे भीड़ में परिवार से बिछड़ने की स्थिति में बच्चों की पहचान करने और उन्हें परिजनों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
आस्था, परंपरा और भाईचारे का संगम
गांधी मैदान में होने वाला दशहरा आयोजन एक बार फिर धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सद्भाव का संगम बनेगा.90 फीट ऊंचे रावण का दहन, इको-फ्रेंडली आतिशबाजी और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था इस बार के आयोजन की प्रमुख विशेषताएं होंगी.71 साल पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट भव्य आयोजन की तैयारी में जुटा है.
पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।