BIHAR NEWS
पटना HC ने संस्कृत कॉलेजों के शिक्षकों व कर्मियों की नियुक्ति को किया वैध घोषित
Patna : पटना हाईकोर्ट ने कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्कृत कॉलेजों के शिक्षकों व कर्मियों की नियुक्ति को वैध घोषित कर दिया है. जस्टिस कुमार मनीष की एकलपीठ ने 20 नवंबर ,2026 को दिए फैसले में उच्च शिक्षा निदेशक के 21 अप्रैल, 2022 और 2 नवंबर, 2022 के आदेशों सहित विश्वविद्यालय के सभी बर्खास्तगी संबंधी पत्रों को रद्द कर दिया.
याचिकाकर्ताओं ने नियुक्ति को अवैध बताकर सेवा समाप्त करने के आदेशों को चुनौती दी थी. कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता अपने-अपने स्वीकृत पदों पर विधिपूर्वक नियुक्त हैं, इसलिए वे बिना रुकावट सेवा में बने रहेंगे और उन्हें सभी परिणामी सेवा लाभ मिलेंगे.
कोर्ट ने शिक्षा विभाग के निदेशक (उच्च शिक्षा) को निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय को अनुदान राशि जारी की जाए, ताकि याचिकाकर्ताओं को नियुक्ति/अनुमोदन की तिथि से नियमित वेतन और बकाया वेतन का भुगतान तीन माह के भीतर हो सके.
फैसले में बिहार राज्य मुकदमा नीति, 2011 का भी हवाला दिया गया. कोर्ट ने कहा कि एक जैसे मामलों में बार-बार मुकदमेबाजी से न्याय व्यवस्था पर बोझ बढ़ता है. इसलिए महाधिवक्ता और मुख्य सचिव समन्वय कर ऐसा तंत्र बनाएं, जिससे अंतिम हो चुके फैसलों वाले समान मामलों का निपटारा विभाग स्तर पर ही हो जाये.
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।