परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सहरसा में तालाब में डूबने से युवक की मौत, सदमे में दादा की भी हार्ट अटैक से गई जान
सहरसा: बिहार केसहरसा से एक दर्दनाक खबर सामने आई हैजहां युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई. वहींइस घटना की जानकारी सुनते ही दादा का भी दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बताया जा रहा है कि सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र के चपरामकोठी वार्ड नंबर 14 के रहने वाले 16 वर्षीय शिवधान कुमार, जो पिछले दो दिनों से लापता था, उसका शव आज सुबह गांव के ही तालाब में तैरता मिला.
परिजनों ने पहले ही उसके लापता होने की सूचना बलवाहाट थाने को दी थी और लगातार उसकी खोजबीन की जा रही थी. मंगलवार सुबह राहगीरों की नजर जब तालाब में तैरते शव पर पड़ी तो स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, तो उसकी पहचान शिवधान कुमार के रूप में हुई. इस दर्दनाक घटना की खबर जैसे ही मृतक के 66 वर्षीय दादा को मिली तो उन्हें जोरदार सदमा लगा और हार्ट अटैक आने से उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल इस दोहरी मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
सहरसा से शशि मिश्रा की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।