BIHAR NEWS
पंचायत सचिवों के अंतर-जिला तबादले में गड़बड़ी पर कार्रवाई, मंत्री दीपक प्रकाश ने दोषी अधिकारियों पर आरोप-पत्र के दिए निर्देश
पटना: पंचायत सचिवों के अंतर-जिला स्थानांतरण में सामने आई अनियमितताओं को लेकर बिहार सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के संदर्भ में विभाग की ओर से कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
पिछले दिनों पंचायत सचिवों के अंतर-जिला स्थानांतरण में नियमों के उल्लंघन और अनियमितता का मामला सामने आया था. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए अररिया,नवादा और नालंदा के जिला पदाधिकारियों से पूरे प्रकरण पर प्रतिवेदन मांगा गया था. साथ ही संबंधित जिला पंचायत राज पदाधिकारियों और विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों से भी स्पष्टीकरण की मांग की गई.
प्राप्त स्पष्टीकरण की समीक्षा के बाद उसे संतोषजनक नहीं पाया गया. जांच में अधिकारियों और कर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है. इसके बाद विभाग ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
निर्देश दिया गया है कि संबंधित जिला पंचायत राज पदाधिकारियों तथा विभागीय पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध क्रमशः संबंधित जिला पदाधिकारियों और पंचायती राज विभाग के सचिव द्वारा आरोप-पत्र गठित किया जाए.
विभाग का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता,जवाबदेही और निर्धारित नियमों का पालन हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाना जरूरी है. पंचायत सचिवों के स्थानांतरण जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को लेकर जिम्मेदारी तय की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।