Live

BIG BREAKING

पद के दुरुपयोग के आरोप में मधेपुरा के असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० विजय कुमार निलंबित

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा मधेपुरा जिले में पद के दुरुपयोग से संबंधित गंभीर आरोपों के मामले में त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मधेपुरा के असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

जिला पदाधिकारी,मधेपुरा द्वारा उपलब्ध कराए गए जांच प्रतिवेदन के अनुसार,डॉ० विजय कुमार पर पद का दुरुपयोग करते हुए पूर्व में सील किए गए‘सत्यम इमरजेंसी हॉस्पिटल’को पुनः खुलवाने के लिए संचिका खोलकर उसके संचालन का आदेश देने तथा इसके लिए अनधिकृत रूप से राशि प्राप्त करने का आरोप है.

इसके अतिरिक्त,निजी नर्सिंग होम की जांच एवं लाइसेंस के नाम पर कथित अवैध राशि के लेन-देन से संबंधित एक वायरल वीडियो सामने आया था. मामले की जांच के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी,मधेपुरा की अध्यक्षता में जांच दल का गठन किया गया था. जांच दल द्वारा समर्पित प्रतिवेदन में डॉ० विजय कुमार के आचरण को प्रथम दृष्टया भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में पाया गया.

जांच प्रतिवेदन एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिहार सरकारी सेवा (वर्गीकरण,नियंत्रण एवं अपील) नियमावली,2005 के प्रावधानों के तहत डॉ० विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग (मुख्यालय),बिहार,पटना निर्धारित किया गया है.

स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए नए चिकित्सकों को प्रभार

मधेपुरा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा कार्यहित में नए चिकित्सकों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इसके तहत जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी,मधेपुरा,डॉ० विपिन कुमार गुप्ता को असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी,मधेपुरा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.

वहीं,सदर अस्पताल,मधेपुरा की वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० रंजना कुमारी को अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी,मधेपुरा का प्रभार दिया गया है. इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,कुमार खण्ड के वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० वेद प्रकाश गुप्ता को अपर उपाधीक्षक-सह-सहायक अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (गैर संचारी रोग),मधेपुरा का प्रभार सौंपा गया है.

स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह प्रशासनिक व्यवस्था जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर एवं सुचारू संचालन तथा विभागीय कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न हो,यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें