One Nation-One Election
वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर भड़का महागठबंधन, कहा : मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश, जल्द खोलेंगे पोल
PATNA :वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर मोदी सरकार द्वारा गठित की गयी टीम में शामिल होने से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के इनकार के बाद बिहार की सियासत गरमा गयी है। वन नेशन-वन इलेक्शन के मामले पर अब बीजेपी और महागठबंधन आमने-सामने आ गयी है।
वन नेशन-वन इलेक्शन का विरोध
इस पूरे मामले पर बिहार कांग्रेस के नेता प्रेमचंद्र मिश्र ने कहा है कि जो देश के बारे में सोचता है, वहीं देश के बारे में काम करता है। एक साथ चुनाव होने पर कम खर्च का दावा किया जा रहा है लेकिन EVM-VVPAT की बड़े पैमाने पर खरीदारी होने से खर्च और बढ़ेगा। ऐसे में देश का पैसा बचेगा नहीं बल्कि बर्बादी होगी।
ध्यान भटकाने के लिए सेट किया नया एजेंडा
इसके साथ ही प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि जनता का ध्यान भटकाने के लिए मोदी सरकार नया एजेंडा सेट करती रही है। मोदी सरकार देश की जनता को परेशान करने में लगे हुए हैं लेकिन जनता उन्हें करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा कहा जा रहा है कि हर साल चुनाव होने से विकास कार्य बाधित होते हैं लेकिन उनका दावा सही नहीं है।
मोदी सरकार की खोलेंगे पोल
वहीं, I.N.D.I.A गठबंधन द्वारा गांधी जयंती के मौके पर बड़ा आदोलन छेड़ने की बात पर कांग्रेस नेता ने कहा कि अब हम देश की जनता को सच्चाई बताने का काम करेंगे और इनकी पोल खोलेंगे। विपक्षी एकता से इनकी बेचैनी बढ़ गयी है।
जेडीयू ने भी किया विरोध
वहीं, महागठबंधन के दूसरे घटक दल और नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने वन नेशन-वन इलेक्शन की कमिटी को लेकर सवाल उठाया है और कहा है कि देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को कमिटी का अध्यक्ष बनाना सही नहीं है। दलित समाज से आने वाले रामनाथ कोविंद द्वारा नये संसद भवन का शिलान्यास भी नहीं कराया गया था।
जब देश में एक कानून बनाने की बात कही जा रही है तो मोदी सरकार एक शिक्षा नीति पर फोकस करना चाहिए। मोदी सरकार सिर्फ चुनावी फायदे के लिए ऐसी घोषणाएं कर रही है।
RSS प्रमुख पर भी साधा निशाना
वहीं, जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने RSS प्रमुख मोहन भागवत पर भी निशाना साधा है और कहा है कि उन्हें ऋग्वेद और यजुर्वेद की जानकारी नहीं है। I.N.D.I.A गठबंधन के बनने से इनलोगों की बेचैनी बढ़ गयी है। इंडिया शब्द वेद से लिया गया है इसलिए उनको विरोध करने का नैतिक अधिकार नहीं है। I.N.D.I.A गठबंधन का विरोध करने वाले हिंदू विरोधी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।