ओड़िशा से रेस्क्यू किए गए 71 बच्चे पहुंचे अररिया : CWC द्वारा कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा, मदरसा जाने वाले थे पढ़ाई के लिए
अररिया : जिले से ओडिशा के मदरसा में मजहबी तालीम के लिए जा रहे 71 नाबालिग बच्चों का एक महीने पूर्व कटक रेलवे स्टेशन पर RPF द्वारा रेस्क्यू कराया गया था. सभी बच्चों को गुरुवार देर रात CWC अररिया लाया गया है जहाँ कानूनी प्रक्रिया के बाद सभी बच्चों को उनके गार्जियन को सुपुर्द किया जा रहा है.
अररिया CWC के अध्यक्ष दीपक वर्मा ने बताया कि सभी बच्चों को मानव तस्करी के संदेह पर रेस्क्यू किया गया था. बड़ी संख्यां में बच्चे रेल से सफर कर रहे थे और गार्जियन उनके साथ नहीं थे. इसीलिए मानव तस्करी के शक में सभी को पकड़ा गया था. वहीं बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक शम्भू कुमार रजक ने बताया कि डीएम के निर्देश पर ओडिशा के CWC से संपर्क कर सभी बच्चों को कुशलता पूर्वक अररिया लाया गया है और सुरक्षित तरीके से CWC के माध्यम से बच्चों को गार्जियन के सुपुर्द किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यह मानव तस्करी है या नहीं यह तो जाँच का विषय है लेकिन हमारा पहला मकशद था कि हमारे जिले के बच्चे सुरक्षित अररिया लौट आएं और अपने-अपने गार्जियन के सुपुर्द कर दिए जाएं. जबकि अभिभावकों का आरोप है कि हमारे बच्चों को बेवजह मदरसा जाने के दौरान काफी परेशान किया गया है.
राकेश कुमार भगत की रिपोर्ट-