BIG BREAKING
नीतीश सेतु खुला, गंगा पर चार और पुलों का लक्ष्य, गांधी सेतु, बख्तियारपुर-ताजपुर समेत कई परियोजनाओं की नई समयसीमा सामने आई
पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु का उद्घाटन किए जाने के बाद बिहार में गंगा पर निर्माणाधीन अन्य पुल परियोजनाओं को लेकर भी तस्वीर सामने आई है. पथ निर्माण विभाग की टाइमलाइन के अनुसार, अगले वर्ष गंगा पर चार नए पुलों के निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि, कुछ परियोजनाओं की समयसीमा में बदलाव हुआ है.
पटना से हाजीपुर को जोड़ने वाले गांधी सेतु के समानांतर बन रहे फोरलेन पुल का करीब 73 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. इसके एप्रोच रोड का निर्माण 75 प्रतिशत से अधिक पूरा है, जबकि सेगमेंट लॉन्चिंग अंतिम चरण में है. पहले इस पुल को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन अब इसकी नई समयसीमा दिसंबर 2027 निर्धारित की गई है.
बख्तियारपुर-ताजपुर पुल का निर्माण लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है. इसके फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का काम पूरा बताया गया है. इस पुल पर अगले वर्ष अक्टूबर से वाहनों का परिचालन शुरू करने का लक्ष्य है. इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा.
सुल्तानगंज-अगुवानी घाट फोरलेन पुल को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे पुल की समयसीमा भी बदल गई है. इसे मई 2027 तक पूरा होना था, लेकिन अब मार्च 2029 तक पूरा करने की नई समयसीमा तय की गई है.
इसके अलावा शेरपुर-दिघवारा छह लेन पुल को सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है, हालांकि जमीन अधिग्रहण की बाधाओं के कारण इसके 2028 तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है. इन पुलों के चालू होने से बिहार में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।