Live

BIHAR NEWS

नीतीश सेतु के नामकरण से बिहार के 14 करोड़ लोगों का हुआ सम्मान, 21 नवंबर को पीएम मोदी की वैशाली सभा होगी ऐतिहासिक - विजय चौधरी

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आगामी 21 नवंबर को वैशाली के जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा ऐतिहासिक और यादगार होगी. प्रधानमंत्री के बिहार आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है. उन्होंने बिहारवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की.

विजय कुमार चौधरी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह निर्णय बिहार के 14 करोड़ लोगों को सम्मान देने जैसा है. उन्होंने कहा कि इस पुल के शिलान्यास से लेकर निर्माण कार्य और उद्घाटन तक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष जुड़ाव रहा है. वे समय-समय पर निर्माण स्थल पर जाकर परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी करते रहे हैं. ऐसे में पुल का नाम नीतीश सेतु रखा जाना उनके योगदान और बिहार के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है.

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नीतीश सेतु का नामकरण 21 नवंबर को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को और खास बनाएगा. उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार ने न्याय के साथ विकास और सुशासन की जिस यात्रा की शुरुआत की थी, उसी रास्ते पर बिहार में विकास की लंबी लकीर खींची गई है. वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं.

प्रेसवार्ता में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी उपस्थित रहे. इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी और प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा भी मौजूद थी.

विजय कुमार चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का वैशाली दौरा राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने आम लोगों से इस आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर इसे भव्य और यादगार बनाने की अपील की.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें