Live

BIHAR NEWS

’नीतीश सेतु’ बिहार के विकास, दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत आधारभूत संरचना का प्रतीक - मंगल पांडेय

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार में गंगा नदी पर निर्मित कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ किया जाना राज्य के विकास इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है. राज्य सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नामकरण किया जाना उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और बिहार के आधारभूत संरचना विकास में दिए गए योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को बिहार दौरे के दौरान इस महत्वाकांक्षी छह लेन पुल का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित करेंगे. यह अवसर बिहार के लिए गौरवपूर्ण होगा.

पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा इस महत्वपूर्ण पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’रखे जाने की घोषणा बिहार की विकास यात्रा में एक विशेष महत्व रखती है. बिहार के विकास में जिन लोगों ने अपनी भूमिका निभाई है, उनके योगदान को सम्मान देना हमारी लोकतांत्रिक और राजनीतिक परंपरा का हिस्सा है. नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल में सड़क, पुल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में राज्य ने कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं. इस पुल का नाम उनके नाम पर रखा जाना उन्हीं विकास कार्यों की स्मृति को सम्मान देने का एक माध्यम है. पांडेय ने कहा कि लगभग 19.76 किलोमीटर लंबी छह लेन ग्रीनफील्ड परियोजना बिहार में आधुनिक सड़क परिवहन व्यवस्था के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है.

पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार बिहार को आधुनिक आधारभूत संरचना से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है. कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल केवल गंगा नदी पर बना एक पुल नहीं है, बल्कि यह उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक संपर्क को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है. इस पुल के पूर्ण रूप से चालू होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी. पटना के आसपास के क्षेत्रों से उत्तर बिहार जाने वाले लोगों को एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा. विशेषकर मिथिलांचल एवं राघोपुर दियारा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राजधानी पटना से बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा. आपातकालीन चिकित्सा की स्थिति में मरीजों को पटना के अस्पतालों तक पहुंचने में भी सुविधा होगी.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें