नीतीश का तमिलनाडु दौरा इस वजह से रद्द
CM के करीबी मंत्री ने केन्द्र सरकार पर किया तीखा प्रहार
News Desk :विपक्षी एकता को लेकर बिहार की राजधानी पटना में होने वाली बड़ी बैठक को लेकर सियासी रस्साकशी जारी है। एकतरफ जहां NDA के घटक दल महागठबंधन के खिलाफ बयानों के तीर छोड़ रहे हैं, वहीं महागठबंधन की तरफ से भी करारा जवाब दिया जा रहा है।
इस वजह से नीतीश का दौरा रद्द
23 जून को पटना में होने वाली विपक्षी एकता की बैठक से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज तमिलनाडु दौरा रद्द हो गया, जिसे लेकर कई तरह की बातें की जाने लगी थी लेकिन बिहार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वास्थ्य कारणों से नीतीश कुमार का दौरा रद्द हुआ है। इस संबंध में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन को नीतीश कुमार ने खुद जानकारी दे दी थी। हालांकि डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और मंत्री संजय झा तमिलनाडु रवाना हो गये हैं।
बीजेपी पर तीखा प्रहार
इसके साथ ही विजय कुमार चौधरी ने केन्द्र सरकार पर तीखा हमला किया है और कहा है कि बीजेपी लगातार नीतीश सरकार के कामकाज पर प्रश्नचिह्न लगा रही है लेकिन दूसरी तरफ केन्द्र की सरकार की तरफ से दो क्षेत्रों में पुरस्कार भी दिए गये हैं, जो ये दर्शाता है कि नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। आखिर बीजेपी किस तरीके से झूठ बोल रही है, ये स्पष्ट हो रहा है।
सारी तैयारियां पूरी
वहीं, विपक्षी एकता को लेकर हो रही बैठक पर विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि ये नीतीश कुमार की पहचान है कि समूचा विपक्ष एक मंच पर आ रहा है। इस मीटिंग में सिर्फ विपक्षी एकता पर बात होगी। पीएम प्रत्याशी को लेकर बाद में तय होगा।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।