'अमित शाह के दौरे से नहीं पड़ता फर्क'
नीतीश के मंत्री का बड़ा बयान, कहा : 2024 के चुनाव में चल जाएगा पता
NEWS DESK :बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह के बिहार दौरे पर प्रदेश का सियासी पारा गरमा गया है। जेडीयू और आरजेडी की तरफ से लगातार बयानबाजी हो रही है। इसी कड़ी में बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने दो टूक अंदाज में कहा है कि अमित शाह के बिहार आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
'पीएम मोदी भी आ जाएं तो नहीं पड़ेगा फर्क'
बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी लखीसराय आ जाएं तो हमारी पार्टी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि देश की जनता लगातार महंगाई को लेकर सवाल कर रही है। नौकरी का आखिर क्या हुआ? आगामी लोकसभा चुनाव में आखिर पता चल जाएगा कि उनके साथ क्या होने वाला है।
'भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नीतीश की नीति'
हालांकि, मंत्री श्रवण कुमार से ये पूछा गया कि पीएम मोदी ने विपक्षी एकता की मीटिंग में शामिल दलों पर 20 हजार करोड़ के घोटाले की बात कही लेकिन नीतीश कुमार पर कोई टिप्पणी नहीं की तो इस सवाल के जवाब में श्रवण कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार पर कार्रवाई तो नीतीश कुमार की नीति है, इससे क्या फर्क पड़ेगा। जो बीजेपी के साथ होता है, वह सदाचारी होता है और जो बीजेपी के साथ नहीं होता, वो भ्रष्टाचारी हो जाता है। 2024 में उनको इसका जवाब मिलेगा।
शिक्षक नियमावली में संशोधन पर दो टूक
वहीं, बिहार में शिक्षक नियमावली में संशोधन के मुद्दे पर बोलते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार कानून से चलती है और कानून से देश चलता है। कहीं कोई विरोध नहीं है और सबकुछ कानून के दायरे में किया गया है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।