BIHAR NEWS
नीतीश कुमार से मिला ग्रामीण चिकित्सा सेवा समन्वय समिति पटना बिहार के प्रतिनिधिमंडल
पटना:जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके 7,सर्कुलर रोड स्थित आवासीय कार्यालय में ग्रामीण चिकित्सा सेवा समन्वय समिति पटना,बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की.
समिति के अध्यक्ष श्रीनिवास सिंह एवं सचिव विनोद कुमार जया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नीतीश कुमार को एक ज्ञापन सौंपा और प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सक को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में सेवा में लिये जाने की मांग उनके समक्ष रखी. इस दौरान विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ एवं मुख्य सचेतक संजय गांधी एवं पार्टी नेता लोक प्रकाश सिंह मौजूद रहे.
समिति की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि बिहार के हजारों ग्रामीण चिकित्सकों ने विभाग से विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त कर उसे सफलतापूर्वक पूरा किया है. कोविड-19 महामारी के दौरान इन प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सकों ने संक्रमण का जोखिम उठाते हुए गांव-गांव में मरीजों की सेवा की तथा गरीब,ग्रामीण एवं आम लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
पत्र में यह भी बताया गया है कि 22 दिसंबर 2024 एवं 26 जून 2025 को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बापू सभागार एवं ज्ञान भवन,पटना में 5,500 प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया.
समिति ने नीतीश कुमार जी से आग्रह किया है कि प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सकों को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत उचित एवं सुनिश्चित मानदेय पर सेवा में लेने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक पहल की जाए.
समिति का कहना है कि इन प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सकों की सेवाओं का उपयोग आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में किया जा सकता है. इससे एक ओर प्रशिक्षित चिकित्सकों को सेवा का अवसर मिलेगा,वहीं दूसरी ओर ग्रामीण एवं जरूरतमंद आबादी तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत किया जा सकेगा.
वहीं नीतीश कुमार ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना एवं तथ्यों को संज्ञान में लेते हुए सरकार के समक्ष आग्रह करने का आश्वासन दिया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।