BIHAR NEWS
नितिन नवीन ने बाढ़ राहत के लिए तीन महीने का 6.35 लाख वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया, प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा
पटना: बिहार में भीषण बाढ़ के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहत कार्यों के लिए अपने तीन महीने के वेतन की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दान की है. राज्यसभा सांसद के रूप में उन्होंने ₹6 लाख 35 हजार का व्यक्तिगत अंशदान किया है.
नितिन नवीन ने कहा कि बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए एनडीए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है.
भाजपा की ओर से जारी बयान के मुताबिक,राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को ₹7 हजार प्रति परिवार की दर से अब तक ₹550 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है. प्रभावित इलाकों में राहत शिविर,कम्युनिटी किचन और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बचाव कार्य भी लगातार जारी है.
बचाव अभियान में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं. वहीं,बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया जारी है,जिसके आधार पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
नितिन नवीन ने केंद्र सरकार के सहयोग का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।