यूपी चुनाव 2027 में JDU की एंट्री तय
निशांत कुमार ने किया एलान, NDA के घटक दल के रूप में चुनाव लड़ने की तैयारी
पटना : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अब उत्तर प्रदेश में भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने एलान किया है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरेगी. पार्टी की कोशिश होगी कि एनडीए के घटक दल के रूप में चुनाव लड़ा जाए.
निशांत कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के कार्यकर्ता लंबे समय से बैठक और संगठन विस्तार की मांग कर रहे थे. इसी सिलसिले में वह रविवार को उत्तर प्रदेश जाएंगे. वहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और संगठन की मजबूती को लेकर बैठक करेंगे.
उन्होंने कहा कि JDU बिहार में मजबूत स्थिति में है. इसके अलावा पूर्वोत्तर सहित देश के कई राज्यों में भी पार्टी का संगठन रहा है. दूसरे राज्यों में पार्टी के मंत्री और विधायक भी रहे हैं. अब उत्तर प्रदेश में भी संगठन का विस्तार करना और राजनीतिक रूप से आगे बढ़ना उनकी प्राथमिकता है.
सूत्रों के मुताबिक, JDU उत्तर प्रदेश की करीब 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. खासतौर पर बिहार से सटे पूर्वांचल के इलाकों पर पार्टी की नजर है. इन क्षेत्रों में कुर्मी और कोइरी मतदाताओं की अच्छी मौजूदगी को भी पार्टी अपनी रणनीति का हिस्सा बना सकती है.
गौरतलब है कि पिछले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में JDU को निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा था. पार्टी का कोई भी उम्मीदवार अपनी जमानत नहीं बचा पाया था.
वहीं, बिहार में हाल ही में संपन्न आठ MLC सीटों के चुनाव परिणाम पर निशांत कुमार ने कहा कि जीतने वाले उम्मीदवारों को बधाई देता हूं. उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर पार्टी को हार मिली है, वहां समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।