Nilesh Mukhia Death
नीलेश मुखिया का शव पहुंचते ही भड़के समर्थक, जमकर किया बवाल, पूर्व डिप्टी मेयर के घर पर की तोड़फोड़
Nilesh Mukhia Death :पटना नगर निगम के 22B की पार्षद सुचित्रा सिंह के पति नीलेश यादव उर्फ नीलेश मुखिया की मौत के बाद उनके समर्थक भड़क उठे हैं। नीलेश मुखिया का शव दिल्ली एम्स से पटना पहुंचने के बाद आक्रोशित समर्थकों ने जमकर बवाल मचाया है और पूर्व डिप्टी मेयर रजनी देवी के घर पर तोड़फोड़ की है।
आक्रोशित समर्थकों ने जमकर किया बवाल
इसके साथ ही नीलेश मुखिया के समर्थकों ने 6 से अधिक वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की है, जिसकी तस्वीरें CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं। नीलेश मुखिया की मौत के विरोध में समर्थक और महिलाएं सड़क पर उतर आए हैं। वे टायर जलाकर आगजनी भी कर रहे हैं। साथ ही आरोपियों के घर में घुसने की कोशिश भी की है।
दिल्ली एम्स से पटना लाया गया शव
गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह नीलेश मुखिया का शव दिल्ली एम्स से पटना लाया गया। नीलेश मुखिया का पार्थिव शरीर पहले घर और फिर दफ्तर लाया गया, जहां समर्थकों की भारी भीड़ इकट्ठी थी। नीलेश मुखिया की शव यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान मार्केट भी बंद रहा। इस दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आक्रोशित लोग बैनर-पोस्टर भी लगा रहे थे।
ये है पूरा मामला
विदित है कि 31 जुलाई को पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कुर्जी मोड़ पर दो बाइक सवार 4 बदमाशों ने नीलेश मुखिया को गोलियों से भून दिया था। इस दौरान नीलेश मुखिया को 7 गोलियां लगी थी, जिसके बाद उन्हें रूबन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 23 अगस्त को उनकी मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि नीलेश मुखिया के गर्दन में 5, पैर में एक और जबड़े में एक गोली लगी थी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।