BIHAR NEWS
नेपाल में भारतीय सब्जियों की बिक्री पर रोक से भड़के मधुबनी के किसान, जयनगर में दो बॉर्डर जाम, घंटों ठप रही आवाजाही
मधुबनी : भारत-नेपाल सीमा पर सब्जियों के व्यापार को लेकर शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया. नेपाल सरकार की ओर से भारतीय सब्जियों के व्यावसायिक आयात पर रोक लगाए जाने से मधुबनी के सीमावर्ती किसानों में भारी नाराजगी है. विरोध में किसानों ने जयनगर थाना क्षेत्र के बेतौंहा गांव स्थित माड़र बॉर्डर कस्टम चेक पोस्ट पर मुख्य सड़क जाम कर दिया. इसके साथ ही हथलेटवा बॉर्डर को भी बंद करा दिया गया. सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ विरोध दोपहर 2 बजे तक जारी रहा.
इस दौरान भारत और नेपाल के बीच पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई. सैकड़ों लोग सीमा के दोनों ओर फंसे रहे. स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई.
20-25 वर्षों से नेपाल में बेच रहे सब्जियां
प्रदर्शन कर रहे किसानों कुशेश्वर सिंह, उमेश सिंह, सुकृत सिंह, भोला सिंह, सुरेश यादव सहित अन्य ने बताया कि वे पिछले 20-25 वर्षों से परवल, भिंडी, बैंगन, टमाटर और हरी सब्जियां नेपाल के माड़र, लहान और सिरहा बाजार में बेचते आ रहे हैं. ये बाजार भारतीय सीमा से महज एक-दो किलोमीटर दूर हैं. शनिवार को जब किसान साइकिल और टेंपो से सब्जियां लेकर पहुंचे तो नेपाल सशस्त्र पुलिस ने उन्हें रोक दिया. किसानों का कहना है कि इससे उनकी सैकड़ों क्विंटल सब्जियों के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है.
20 किलो तक सब्जी ले जाने की छूट
नेपाल एपीएफ के डीएसपी पादम खाड़क ने बताया कि व्यावसायिक मात्रा में सब्जियों के आयात पर रोक वरीय अधिकारियों के आदेश पर लगाई गई है. नेपाली किसानों के हित में यह फैसला लिया गया है. हालांकि व्यक्तिगत उपयोग के लिए 10 से 20 किलो तक सब्जियां ले जाने की अनुमति है.
एसएसबी और नेपाल एपीएफ के अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर जाम समाप्त कराया. किसानों ने रोक पर पुनर्विचार की मांग की है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।