Live

BIHAR NEWS

MLC चुनावः नीरज कुमार का अनंत सिंह पर तंज, कहा- बेऊर जेल में जब तक चना रहेगा तब तक आना-जाना बना रहेगा

D
Deepak Kumarलेखक

पटना: बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह और एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अनंत सिंह के लगातार हमलों के बाद नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए बेऊर जेल का जिक्र किया और अपनी जीत का दावा किया।

रविवार को अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में वोट मांगने निकले। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करते रहेंगे और नीरज कुमार की जमानत जब्त करा देंगे। अनंत सिंह ने जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के बयान पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी के फैसले का इंतजार किया जाएगा।

अनंत सिंह और नीरज कुमार में जुबानी जंग तेज

इसके जवाब में नीरज कुमार ने कहा कि पटना स्नातक सीट के मतदाता चुनाव में जवाब देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार को कमजोर करने की कोशिश करने वालों को जदयू कार्यकर्ता और एनडीए बर्दाश्त नहीं करेगा।

नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि पहले उन्हें उस प्रत्याशी के लिए पोलिंग एजेंट तलाशना चाहिए, जिसे वह जिताने की बात कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि संबंधित उम्मीदवार का कोई मजबूत संगठन नहीं है और जदयू का चुनाव चिह्न तीर निशाने पर लगता है।

'जब तक बेऊर जेल में चना रहेगा, आना-जाना बना रहेगा'

नीरज कुमार ने कहा कि जदयू में रहते हुए भी अनंत सिंह को जेल जाना पड़ा था। उन्होंने पार्टी की कार्यशैली का हवाला देते हुए संकेत दिया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े नेताओं पर भी पार्टी कार्रवाई कर चुकी है।

नीरज कुमार ने दावा किया कि एमएलसी चुनाव को कार्यकर्ताओं ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है और उनकी जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि चुनाव में एनडीए कार्यकर्ता मतदाताओं के बीच अपनी बात रखेंगे। इस बीच, अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बयानबाजी से पटना स्नातक सीट का चुनावी मुकाबला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

पटना से संजय कुमार कि रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें