Hindi News / ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश में जमादार घायल, 30 गिरफ्तार

नवादा में बालू माफियाओं की दबंगई! : ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश में जमादार घायल, 30 गिरफ्तार

Edited By:  |
nawada mai balu mafiyaon ki dabangai!

नवादा:बड़ी खबर बिहार केनवादा से है जहां नारदीगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बालू माफियाओं की दबंगई सामने आई. पचाने नदी से बालू लदे ट्रैक्टर की सूचना मिलते ही नारदीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की. पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक ने बालू अनलोड कर वाहन लेकर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात जमादार नागेंद्र कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की. आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर सीधे जमादार पर चढ़ाने का प्रयास किया,जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल जमादार को तुरंत नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.

घटना के बाद नारदीगंज पुलिस ने नवादा पुलिस बल के सहयोग से संबंधित गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए कार्रवाई कर करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है. साथ ही लगभग 20 बाइक,एक ट्रैक्टर और एक स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया .

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध बालू खनन और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है.

दिनेश कुमार की रिपोर्ट