BIHAR NEWS
नवरात्र पर पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव, गुरु दरबार में टेका मत्था
पटना : नवरात्र के पावन अवसर पर शनिवार को नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे. यहां उन्होंने गुरु दरबार में हाजिरी लगाई और मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा.
महामहिम के आगमन पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया. कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप शस्त्र भेंट किया. इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे.
पटना साहिब सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी की जन्मस्थली होने के कारण देश-दुनिया के सिख श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गुरु दरबार में मत्था टेकते हैं और गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हैं. नवरात्र के अवसर पर महामहिम का गुरुद्वारा पहुंचना धार्मिक सौहार्द और विभिन्न आस्थाओं के प्रति सम्मान के भाव को भी दर्शाता है.
गुरु दरबार में हाजिरी लगाने के बाद महामहिम नंदकिशोर यादव ने नवरात्र के पावन पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इस अवसर पर सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. नवरात्र का पर्व शक्ति की आराधना, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक माना जाता है. इन दिनों देशभर में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है.
नागालैंड के राज्यपाल के पटना साहिब आगमन के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही द्वारा किया गया स्वागत कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा. धार्मिक स्थल पर मत्था टेकने और देशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देने के साथ उनका यह दौरा संपन्न हुआ.
पटना से उमेश चौबे की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।