Live

BIHAR NEWS

नर्सिंग परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्री से मिलने पहुंचे जदयू प्रदेश कार्यालय, हंगामे के कारण कार्यालय किया गया बंद

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: बिहार में हाल ही में संपन्न हुई नर्सिंग परीक्षा के परिणाम को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. नर्सिंग छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थियों को फेल कर दिया गया है. छात्रों ने कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन कराने की मांग की है.

इसी मांग को लेकर नर्सिंग छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. इसी क्रम में बड़ी संख्या में छात्र आज प्रदेश कार्यालय पहुंचे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिलने की मांग करने लगे. छात्रों के प्रदर्शन और हंगामे को देखते हुए कार्यालय के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया.

प्रदर्शन के दौरान गर्मी अधिक होने की वजह से कुछ प्रदर्शनकारियों की तबीयत बिगड़ने लगी. इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया. हालांकि,प्रदर्शनकारी अपनी मांग पूरी होने तक वहां से हटने को तैयार नहीं थे.

छात्र लगातार परीक्षा की कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन कराने और परिणाम की समीक्षा की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि बड़ी संख्या में छात्रों को फेल किए जाने से परीक्षा के मूल्यांकन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.

काफी देर तक प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और हंगामे का माहौल बना रहा. छात्रों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मामले में हस्तक्षेप कर कॉपियों का पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की है.

अब देखना होगा कि छात्रों की मांग पर स्वास्थ्य विभाग और सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है. फिलहाल प्रदर्शन के कारण कार्यालय परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें