BIHAR NEWS
नाना पाटेकर का बिहार से था खास रिश्ता, मोकामा में जवानों संग वक्त बिताया, किसान बन खेत में चलाया हल, पटना में सुशांत के पिता से मिले
पटना: अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के बाद बिहार से जुड़ी उनकी यादें एक बार फिर चर्चा में है. जून2020में नाना पाटेकर दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे थे. पटना एयरपोर्ट से वह सीधे मोकामा स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे थे,जहां शहीदों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान नाना पाटेकर जवानों के बीच आर्मी की वर्दी में नजर आए और उनसे मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया.
मोकामा में नाना पाटेकर का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला था. वह औंटा गांव पहुंचे और किसानों से मुलाकात की. खेती-किसानी को करीब से समझने के दौरान एक किसान को खेत में हल चलाते देखकर नाना खुद भी हल लेकर खेत में उतर गए. बैलों से खींचे जा रहे हल को उन्होंने संभाला. नाना को किसान के अंदाज में देखकर वहां मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला था.
सीआरपीएफ जवानों के बीच भी नाना काफी सहज नजर आए. उन्होंने जवानों से बातचीत की और अपनी फिल्मों के चर्चित संवाद सुनाकर उनका मनोरंजन भी किया. जवानों के प्रति सम्मान और किसानों से आत्मीयता ने उनके बिहार दौरे को खास बना दिया था.
बिहार दौरे के दौरान नाना पाटेकर पटना में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के राजीव नगर स्थित आवास भी पहुंचे थे. उन्होंने सुशांत के पिता केके सिंह से मुलाकात की और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर परिवार के प्रति संवेदना जताई थी.
नाना पाटेकर किसानों और सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते थे.75वर्ष की उम्र में उनके निधन के बाद उनके अभिनय के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी याद किया जा रहा है. बिहार से जुड़ी उनकी ये तस्वीरें उनकी सादगी और संवेदनशील व्यक्तित्व की याद दिलाती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।